ad

Ticker

9/recent/ticker-posts

बलौदा बाजार में भाजपा कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या के बाद तनाव

Baloda Bazar Crime : बलौदा बाजार। शहर में एक भाजपा कार्यकर्ता की रंजिश में हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव के हालात बन गए। भक्ति यादव पिता भगवान विष्णु यादव(25) वार्ड क्रमांक 17 लोहिया नगर निवासी को शनिवार शाम कुछ युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। भक्ति यादव पिछले दिनों पार्षद चुनाव में वार्ड क्रमांक 17 से चुनाव भी लड़ा था। वह विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से भी जुड़ा था। कल देर शाम आई इस खबर ने नगर के माहौल को गर्म कर दिया है और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बढ़ते तनाव को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट मोड में आ चुका है। इस घटना के विरोध में आज बलौदा बाजार नगर बंद है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने बताया कि इस हत्या में शामिल सारे आरोपितों को कल देर रात तक गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार शाम तक प्रेस वार्ता आयोजित कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

किशोर पर भी हुआ चाकू से हमला

शनिवार शाम को बलौदा बाजार नगर के मध्य स्थित शासकीय कन्या हाई स्कूल के मैदान में कुछ युवकों ने एक किशोर घनश्याम साहू पिता हीरा साहू उम्र 16 वर्ष को आपसी विवाद में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल किशोर के पिता हीरा साहू ने नईदुनिया संवाददाता को फोन पर बताया कि यह घटना कल शाम के लगभग 6:30 बजे की है, घटना के पश्चात अपने पुत्र को शाम को जिला हॉस्पिटल बलौदा बाजार लेकर गए, किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला हॉस्पिटल ने घायल उसे रायपुर मेकाहारा रेफर कर दिया। रात में ही किशोर का मेकाहारा में ऑपरेशन किया गया है, जिसके बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस प्रशासन ने इस दूसरी घटना पर अपनी अनभिज्ञता जाहिर की है। घायल किशोर के पिता ने बताया कि जिला हॉस्पिटल की पुलिस चौकी में उन्होंने पूरी घटना का विवरण और संदिग्ध लोगों का नाम दर्ज कराया है, परंतु नईदुनिया के प्रतिनिधि के पूछे जाने पर सिटी कोतवाली टीआई विजय चौधरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने इस घटना पर अपनी अनभिज्ञता जाहिर की है, जो पुलिस प्रशासन की सजगता एवं कार्य कुशलता पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है। इस घटना में पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं की गई है।

Post a Comment

0 Comments