ad

Ticker

9/recent/ticker-posts

छत्तीसगढ़ में कोरोना:रायपुर में 666 समेत प्रदेश में 1884 नए मरीज, पिछले 24 घंटे में 10 लोगों की मौत

रायपुर में मंगलवार को 666 समेत प्रदेश में कोरोना के 1884 नए मरीज मिले हैं। धरसींवा विधायक अनिता शर्मा भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। राजधानी के एसीबी, ईओडब्ल्यू व पीडब्ल्यूडी कार्यालय सील कर दिया गया है। नया रायपुर के वन मुख्यालय अरण्य भवन में एक सीसीएफ के पाजिटिव मिलने के बाद दफ्तर का ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह सील कर दिया गया और कई आला अफसर आइसोलेशन में चले गए हैं। बस्तर आईजी पी सुंदरराज भी अपने दफ्तर में कुछ कर्मचारियों के संक्रमित मिलने पर क्वारेंटाइन हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 10 लोगों की जान गई, जिसमें 3 रायपुर के हैं। प्रदेश में मरीजों की संख्या 33387 हो गई है। अस्पतालों में 15533 लोगों का इलाज चल रहा है, 17567 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। राजधानी में सोमवार को 358 मरीज मिले थे। एक दिन की थोड़ी राहत के बाद फिर थोक में मरीज आ गए हैं। एसीबी कार्यालय में चार पॉजिटिव केस आने के बाद एसीबी व ईओडब्ल्यू कार्यालय सील कर दिया है। डीडीनगर थाना भी बंद कर दिया गया है। वहां 32 के स्टाफ में 20 पुलिस जवान कोरोना संक्रमित हो गए हैं। लोग अपनी शिकायत सरस्वतीनगर और पुरानी बस्ती थाने में कर सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी राजधानी समेत प्रदेश में कोरोना का पीक समय है।

ऐसे में थोक में मरीज मिल रहे हैं। रायपुर में मरीजों की संख्या 12 हजार की ओर है। अब तक 11768 मरीज मिल चुके हैं। इसमें एक्टिव केस 6 हजार पार कर 6372 पहुंच गया है। ऐसे में गंभीर मरीजों के लिए बेड नहीं मिल रहे हैं। बिना लक्षण व सर्दी-बुखार वाले कोरोना मरीजों के लिए केयर सेंटरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। होम आइसोलेशन की सुविधा के कारण भी केयर सेंटरों पर दबाव कुछ कम हुआ है।

ज्यादातर रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर लोगों का हंगामा
राजधानी में कोरोना जांच करवाने वाले अधिकतर लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आ रही है, इसलिए अजीब हालात पैदा हो गए हैं। दोपहर 1 बजे के आसपास कालीबाड़ी जांच केंद्र में ज्यादातर लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो वे हंगामा करते हुए लैब तक घुस गए। उनका कहना था कि जब कोई लक्षण ही नहीं हैं, तब रिपोर्ट पाजिटिव क्यों आ रही है? इस दौरान लैब के कर्मचारी असहाय रहे। कालीबाड़ी में एक दिन में हुए 200 एंटीजन टेस्ट में 175 पॉजिटिव आ गए थे। विशेषज्ञों के अनुसार एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आना 100 फीसदी सही होता है, इसलिए संदेह नहीं करना चाहिए। नेगेटिव आने पर लक्षण हों तो जरूर आरटीपीसीआर टेस्ट कराएं। दरअसल एंटीजन किट कम वायरल लोड को पकड़ नहीं पाती और हल्के व कम लक्षण पर रिपोर्ट नेगेटिव हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments