- रिपोर्ट में बताया गया है कि इस मामले में 'स्टमक वाश' और नाखूनों के सैम्पल की रिपोर्ट नहीं आई है
- इससे पहले सुशांत की फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी किसी तरह के फाउल प्ले की बात सामने नहीं आई
सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस को उनकी फॉरेंसिक विसरा रिपोर्ट मिल गई है। सोमवार सुबह कलीना फोरेंसिक लैब की ओर से बांद्रा पुलिस को यह रिपोर्ट सौंपी गई। इसमें किसी तरह के संदेह (फाउल प्ले) से इनकार किया गया है। लैब की ओर से बताया गया है कि इसी मामले में 'स्टमक वाश' और नाखूनों के सैम्पल की रिपोर्ट आनी बाकी है। इससे पहले भी एक विसरा रिपोर्ट जुलाई के पहले सप्ताह में सामने आई थी। उसमें भी किसी तरह का संदेह सामने नहीं आया था।
नाखूनों की रिपोर्ट से यह होगा स्पष्ट
नाखूनों की फॉरेंसिक रिपोर्ट से यह साफ होगा कि मरने से पहले सुशांत का किसी के साथ कोई हाथापाई हुई थी या नहीं। इससे पहले सुशांत की फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी किसी तरह के फाउल प्ले की बात सामने नहीं आई थी। इसे 5 डॉक्टर्स की टीम ने तैयार किया था। रिपोर्ट में कहा गया था कि सुशांत की मौत फांसी लगाने के बाद दम घुटने से हुई है।
अब तक 38 लोगों से हुई पूछताछ
सुशांत के सुसाइड मामले में अब तक 38 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। ताजा नाम फिल्म निर्माता और निर्देशक महेश भट्ट का है। सोमवार को महेश भट्ट से सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में दो घंटे तक पूछताछ की गई। अब मंगलवार को धर्मा प्रोडक्शन के सीईओ अपूर्व से पूछताछ की जाएगी। इनसे पहले उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, आदित्य चोपड़ा, शेखर कपूर समेत कई नामचीन चेहरे अपना बयान दर्ज करवा चुके हैं।








0 Comments