- भाटिया वाइन व वेलकम डिस्टलरी पर 30 लाख का टैक्स लगाया, 6 फीसदी टैक्स चोरी पकड़ी गई
- दोनों कंपनियां अभी सैनिटाइजर बना रही हैं, 18 की जगह 12 फीसदी ही जीएसटी कर रही थीं फाइल
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने दो वाइन कंपनियों पर छापामारी की। यह कार्रवाई छेरका बांधा स्थित वेलकम डिस्टलरी और धूमा स्थित भाटिया वाइन में की गई है। दोनों ही जगहों पर जीएसटी की टीम को 6 प्रतिशत टैक्स चोरी पकड़ में आई है। इसके बाद कंपनियों के ऊपर 30 लाख रुपए का टैक्सेशन किया गया है।
दरअसल दोनों ही फैक्ट्री में सैनिटाइजर बनाया जा रहा है। इन्हें सैनिटाइजर बनाने के लिए 18 प्रतिशत जीएसटी जमा करना चाहिए, लेकिन दोनों ही फैक्ट्रियों के संचालकों की ओर से 12 फीसदी ही जीएसटी दिया जा रहा था। सूचना मिलने पर सेंट्रल जीएसटी की टीम ने दोनों ही फैक्ट्रियों में एक साथ शुक्रवार को छापेमारी की। दस्तावेजों की जांच में शिकायत सही पाई गई और 6 फीसदी टैक्स गड़बड़ी पकड़ी गई।
इसके बाद दोनों फैक्ट्रियों के संचालकों को 30 लाख रुपए टैक्स दिए जाने के निर्देश दिए। छापेमारी टीम में जीएसटी के ज्वाइंट डायरेक्टर नैन सिंह, एडीजी अजय पांडे और असिस्टेंट डायरेक्टर एसके दास सहित अन्य लोग शामिल थे। दरअसल दोनों ही फैक्ट्री के खिलाफ सेंट्रल जीएसटी को शिकायत मिली थी। इसके बाद इन फैक्ट्रियों में अलग अलग टीम ने छापेमारी की। शनिवार की दोपहर तक जांच चलती रही।









0 Comments