- रायपुर में आमानाका क्षेत्र के टाटीबंध चौक के पास से 14 जुलाई को चोरी हुआ था ट्रक
- पुलिस ने आरोपी को कोंडगांव से पकड़ा, चोरी किया गया ट्रक जगदलपुर में बरामद हुआ
छत्तीसगढ़ में रायपुर के आमानाका क्षेत्र से चोरी हुए ट्रक को पुलिस ने गुरुवार को जगदलपुर से बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के दोस्त को ही कोंडगांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था। पूछताछ में पता चला है कि चोरी करने के बाद आरोपी ट्रक लेकर जगदलपुर भाग गया और वहां दूसरे रंग का उसपर पेंट करा दिया। बरामद ट्रक की कीमत 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
दरअसल, बांसटाल, रायपुरा निवासी मधु सागर ड्राइवरी का काम करता है। 12 जुलाई को भनपुरी में माल उतारने के बाद रात करीब 10 बजे ट्रक लेकर टाटीबंध पहुंचा और सड़क किनारे खड़ा कर दिया। वहां से अपने दोस्त जयदीप और विट्टू के साथ घर चला गया। एक दिन बाद 14 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे पहुंचा तो ट्रक वहां से गायब था। पुलिस जांच में पता चला कि घटना वाले दिन से ही जयदीप का पता नहीं है।
घर छोड़ने के बहाने ट्रक की चाबी चोरी की
संदेह के आधार पर पुलिस ने जयदीप को ट्रेस कर कोंडगांव से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने ट्रक चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जगदलपुर से ट्रक बरामद कर लिया। जयदीप ने बताया कि 12 जुलाई को जब वह मधु के साथ उसके घर गया, तभी ट्रक की चाबी चोरी कर ली थी। इसके बाद रात को ट्रक लेकर जगदलपुर भाग गया। पकड़ा गया आरोपी जयदीप मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है।









0 Comments