ad

Ticker

9/recent/ticker-posts

एसिड अटैक की फिराक में घूम रहे सिरफिरे को पति व भाई ने मिलकर धुना

भिलाई । छोटी-छोटी बातों को लेकर लोगों को धमकाने वाले एक व्यक्ति को भीड़ ने मिलकर जमकर धुना। दरअसल आरोपित एक महिला को एसिड अटैक की धमकी दे रहा था। वो इस घटना को अंजाम देने के लिए शीशी में एसिड लेकर भी घूम रहा था। आरोपित ने महिला को सरेराह पकड़ लिया और उससे छेड़खानी शुरू कर दी। जैसे ही उसने अपनी गाड़ी से शीशी निकाली, वहां पर महिला का पति और भाई पहुंच गए। दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू की तो आरोपित की धमकी से पीड़ित मोहल्ले के बाकी लोगों ने भी उसे जमकर पीटा। सूचना पर डायल 112 की टीम ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपित एक भाजपा नेता का समर्थक है।
सुपेला थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि कोहका निवासी आरोपित संजय सोनी उसे और उसके पति को काफी दिनों से परेशान कर रहा है। साल भर पहले उसने कुछ लोगों को ब्याज पर रुपये दिया था। उन रुपयों के लिए आरोपित, पीड़िता को जिम्मेदार ठहरा रहा था। पीड़िता ने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि उसने आरोपित से कोई पैसा नहीं लिया है। इसके बाद भी आरोपित उसे धमका रहा है। उसे सप्ताह भर से एसिड अटैक की धमकी दे रहा है। वो जहां भी जाती थी, आरोपित उसके पीछे-पीछे पहुंच जाता था। एक शीशी से कोई द्रव्य जमीन पर गिराता था, जिससे धुंआ उठता था। पीड़िता ने दावा किया कि आरोपित के पास तेजाब ही रहता था। लगातार मिल रही धमकी से वो काफी ज्यादा परेशान हो गई थी।
सोमवार को पीड़िता अपने काम पर जा रही थी तो व्यंकटेश्वर टॉकीज के सामने आरोपित ने उसे घेर लिया। उससे सरेराह छेड़खानी शुरू कर दी। पीड़िता को मिल रही धमकी के चलते उसका पति और भाई भी उसके पीछे-पीछे ही चल रहे थे। आरोपित ने अपनी गाड़ी से तेजाब की शीशी निकालकर पीड़िता पर फेंकने की कोशिश की तभी पीड़िता का पति और भाई वहां पहुंच गए। दोनों ने मिलकर आरोपित की पिटाई शुरू की। इस दौरान कुछ ऐसे भी लोग थे, जिन्हें आरोपित संजय सोनी ने धमकाया था। उन लोगों ने भी उसकी इस हरकत के चलते बेदम पीटा। सूचना पर डायल 112 की टीम वहां पहुंची और आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया।

सोमवार दोपहर में ये घटना हुई है। पीड़िता ने आरोपित संजय सोनी पर छेड़खानी और धमकाने का आरोप लगाया है। जिसके आधार पर आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज किया जा रहा है। उसका भी बयान लेंगे और उसके आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-गोपाल वैश्य, टीआइ सुपेला

Post a Comment

0 Comments