शहर की महिलाएं अपनी मेंटल और फिजिकल हेल्थ के प्रति पहले से ज्यादा अवेयर हुई हैं। डब्लूएचओ की रिपोर्ट के मुताबिक लॉकडाउन में प्रोफेशनल महिलाओं के जिम्मे वर्क फ्रॉम होम के साथ घर के कामों की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी आ गई। ऐसे में महिलाओं ने सेहत को ध्यान में रखकर रूटीन बदला और वर्कआउट शुरू किया है। शहर के ट्रेनर के पास ऑनलाइन ट्रेनिंग लेने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है। पहले एक ट्रेनर जिम या याेगा सेंटर में दिनभर में औसतन 10 लोगों को पर्सनल ट्रेनिंग देते थे, जिसमें महिलाओं की संख्या औसतन 4 होती थी। अब ऑनलाइन ट्रेनिंग सेशन के जरिए ट्रेनर रोजाना औसतन सात से आठ महिलाओं को ट्रेनिंग दे रहे हैं। शहर के 10 फिटनेस ट्रेनर से बातचीत में ये जानकारी सामने आई। वहीं, ऑनलाइन ट्रेनिंग लेने में पुरुष कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। ट्रेनर्स के अनुसार महिलाएं फिट रहने और फ्लैक्सिबिलिटी के लिए जुंबा, डांसिंग योग और कार्डियाे पसंद कर रही हैं।
वर्कआउट के साथ मेडिटेशन भी कर रहीं
पंडरी में रहने वाली म्यूजिक टीचर मंजूषा बेडेकर रोज सुबह जिम जाती थीं। लॉकडाउन की वजह से जिम तो बंद हो गए लेकिन उन्होंने वर्कआउट बंद करने के बजाय और बढ़ा दिया। रोज सुबह जिम के समय में घर में ही वर्कआउट करने लगीं और शाम को योग-मेडिटेशन भी शुरू कर दिया, ताकि मन शांत रहे। मंजूषा ने बताया, कोरेाना के तनाव भरे माहौल के बीच घर के काम खुद करने और ऑनलाइन म्यूजिक क्लास लेने के लिए ये बेहद जरूरी था कि मैं खुद फिट रहूं। इसलिए वर्कआउट बढ़ा दिया।
क्या फायदा हुआ: वजन कंट्रोल में है। दिनभर एनर्जेटिक फील कर पाती हैं। मेडिटेशन से जिंदगी में पॉजिटिवटी बढ़ गई है।
प्राणायाम, सूर्य नमस्कार से शांत हुआ मन
फाफाडीह में रहने वाली सीए योगिता लालवानी ने बताया, कोरोना के कारण सारा काम घर से मैनेज कर रही थी। राेज बढ़ते केस के बारे में सुनकर अजीब डर महसूस करने लगी थी। ऐसे में मेंटल और फिजिकल फिटनेस के लिए घर पर ही आधे घंटे प्राणायाम और 15 मिनट स्ट्रेचिंग शुरू की। ट्रेनर से डाइट चार्ट भी बनवाया। हफ्ते में एक दिन 108 बार सूर्य नमस्कार भी करती हूं।
क्या फायदा हुआ: तीन महीने में 8 किलो वजन घटाया। एनर्जी और कॉन्फिडेंस बढ़ा है। मानसिक तनाव अब खत्म हाे गया है।
ये दे रहे हैं योग और जुंबा की फ्री ऑनलाइन ट्रेनिंग
योगा-प्राणायाम का प्रशिक्षण
- समय: सुबह 6:30 से 7.30 बजे
- आयोजक: डीडी नगर ग्रुप
- संपर्क: 9827457858
फ्री पावर योगा ट्रेनिंग
- समय: सुबह 7:30, शाम 6 बजे
- आयोजक: योगा क्लब
- संपर्क: 9303354466
जुंबा का प्रशिक्षण
- समय: सुबह 7 बजे
- आयोजक: हैप्पी लेडीज क्लब
- संपर्क: 9098747091
"लॉकडाउन के कारण कई लोगों ने महीनेभर एक्सरसाइज छोड़ दी थी, जब लगा कि जिम-योगा सेंटर खुलने में लंबा वक्त लगेगा तो ऑनलाइन ट्रेनिंग लेने लगे, खासकर महिलाएं। क्योंकि उनका वर्कलोड पहले में बढ़ गया है।"
- रूबी शुक्ला, योगा ट्रेनर
"जिम बंद हैं, ऐसे में महिलाएं घर में ही जुंबा करने में दिलचस्पी ले रही हैं। तय समय पर ट्रेनर और क्लाइंट ऑनलाइन कनेक्ट हो जाते हैं। जुंबा में एक्सरसाइज और डांस दोनों शामिल हैं। डांस के कारण वुमंस इसे एंजॉय कर रही हैं।"
-मनोज चतुर्वेदी, जुंबा ट्रेनर









0 Comments