- घटना की वजह का पता लगा रही पुलिस, शक के आधार पर एक युवक को पकड़ा
- घायल अवस्था में महिला ने पड़ोस में रहने वाले युवक को बताया घटना का दोषी
शनिवार की देर रात एक महिला, उसके पति और बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल अवस्था में तीनों को रविवार को बलौदा स्थित स्वास्थ्य केंद्र से बिलासपुर के सिम्स अस्पताल भेजा गया। तीनों की स्थिति बेहद गंभीर है। दरअसल घटना बलौदा इलाके में बीती रात हुई। घर पर सो रही महिला और उसके पति, बेटे की हत्या की नियत से पड़ोस के युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था।
इस हमले में 40 साल की रमा बाई पाटले, उसका पति रामचरण पाटले और 16 साल का बेटा संजय पाटले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हमलावर ने इनपर तब वार किया जब आधीरात को यह परिवार गहरी नींद में था। बताया जा रहा है कि महिला के परिवार से पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक की पुरानी दुश्मनी थी। अस्पताल ले जाते वक्त महिला ने भी उसी युवक को इस घटना का जिम्मेदार बताया। अब इस मामले में जांजगीर पुलिस छानबीन कर रही है। संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।









0 Comments