
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की वित्तीय नीति को लेकर दो अलग-अलग हमले किए हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट को टैग कर सीएम ने मोदी सरकार पर अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। साथ ही वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर कहा है कि वह राज्यों को कर्ज लेने का सुझाव न दें। सीएम भूपेश ने कहा कि 2008 में जब पूरे विश्व में आर्थिक संकट था, तब तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह की सूझबूझ से भारत अछूता रहा। भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हमारी असंगठित अर्थव्यवस्था है जिसे केंद्र की भाजपा सरकार तोड़ रही है,जिसके परिणाम भयावह होंगे। भूपेश ने निर्मला सीतारमण को लिखे पत्र में कहा कि केन्द्र जीएसटी क्षतिपूर्ति की राशि राज्य को नहीं दे पा रही है तो इसके बदले कर्ज का दबाव राज्य पर न हो। उन्होंने लिखा है कि पैसों का इंतजाम केन्द्र सरकार ही करे। पत्र में आगे लिखा है कि 2020-21 के चार माह बीत जाने के बाद भी राज्य को 2828 करोड़ केंद्र से प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर केंद्रीय वित्त विभाग ने राज्य सरकार को ऋण लेना सुझाया है। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार जीएसटी क्षतिपूर्ति देना केन्द्र सरकार का जिम्मा है, इसके बदले राज्य द्वारा कर्ज लेने से एक जटिल और अनिश्चित प्रक्रिया शुरू होगी।
0 Comments