ad

Ticker

9/recent/ticker-posts

आत्महत्या:कवर्धा के क्वारैंटाइन सेंटर में युवक ने फंदा लगाकर जान दी, छुट्‌टी नहीं मिलने से परेशान था

छत्तीसगढ़ में कवर्धा के एक क्वारैंटाइन सेंटर में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव गुरुवार सुबह कमरे में बनी खिड़की से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि युवक क्वारैंटाइन सेंटर से छुट्‌टी नहीं मिलने के कारण परेशान था।
  • पंडरिया ब्लॉक में दमगढ़ पंचायत के ताईतिरनी गांव में स्कूल को बनाया गया है क्वारैंटाइन सेंटर
  • महाराष्ट्र से लाैटने के बाद 11 जुलाई को रखा गया था सेंटर में, घर जाने की बार-बार करता था जिद

छत्तीसगढ़ में कवर्धा के एक क्वारैंटाइन सेंटर में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव गुरुवार सुबह कमरे में बनी खिड़की से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि युवक क्वारैंटाइन सेंटर से छुट्‌टी नहीं मिलने के कारण परेशान था। वह बार-बार घर जाने की जिद भी करता था। घटना के समय युवक सेंटर में अकेला था। सूचना पर पहुंची कुकदुर थाना पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

जानकारी के मुताबिक, पंडरिया ब्लॉक में दमगढ़ पंचायत के ताईतिरनी गांव निवासी तुलसी बैगा (26) कुछ दिन पहले महाराष्ट्र से लौटा था। वहां पर वह बोर गाड़ी में मजदूरी करता था। लौटने के बाद 11 जुलाई को तुलसी को गांव के ही स्कूल में बनाए गए क्वारैंटाइन सेंटर में रख दिया गया। गुरुवार सुबह जब युवक के पिता अंदर पहुंचे तो देखा कि खिड़की से गमछे के सहारे बेटे का शव फंदे से लटका हुआ है। 

सेंटर से पहले भी दो बार भागने का किया था प्रयास
बताया जा रहा है कि युवक का मन सेंटर में नहीं लग रहा था। इसके चलते पहले भी दो बार सेंटर से भागने का प्रयास किया था। इसे देखते हुए उसके पिता को ही सेंटर में चौकीदारी करने की जिम्मेदारी दे दी गई। साथ ही गेट पर ताला भी लगा दिया गया। पिता सेंटर में बाहर सोता था। तुलसी से पहले और भी 8 लोगों को सेंटर में रखा गया था, जिन्हें बुधवार को छुट्टी दे दी गई। जिसके बाद से तुलसी भी घर जाने की जिद कर रहा था। 

Post a Comment

0 Comments