- लॉकडाउन के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने से शुरू हुआ था विवाद, रात करीब 12 बजे ग्रामीण बंगले के बाहर एकत्र हुए
- पुलिस ने सीएमओ के खिलाफ मामला दर्ज किया, ग्रामीणों का आरोप- अक्सर ही महिलाओं को बंगले पर लाते हैं अधिकारी
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में मुख्य नगर पंचायत अधिकारी (सीएमओ) के बंगले के बाहर बुधवार रात 12 बजे जमकर हंगामा हुआ। बंगले में मोहल्ले की एक महिला के बाहर निकलने के बाद ग्रामीणाें ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीएमओ अक्सर ही अलग-अलग महिलाओं को बंगले में लेकर आते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। उनकी शिकायत पर अफसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
थप्पड़ मारने से शुरू हुआ विवाद
बेमेतरा में दो दिन से लॉकडाउन लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर नवागढ़ सीएमओ यमन देवांगन शंकर नगर से निकले तो स्थानीय युवक माेहन रजक दुकान के बाहर बैठा हुआ था। इस पर उन्होंने मोहन को घर जाने के लिए कहा। आरोप है कि सीएमओ शराब के नशे में थे। उन्होंने मोहन से गाली-गलौज शुरू कर दी। मोहन ने इसका विरोध किया तो सीएमओ देवांगन ने उसे थप्पड़ मार दिया और फिर वहां से चले गए।
बंगले से रात में महिला को निकलते देख भड़का हंगामा
इसके बाद रात को ग्रामीण सीएमओ के सरकारी बंगले के बाहर एकत्र हो गए और प्रदर्शन करने लगे। इसी बीच एक महिला बंगले से निकली। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने सीएमओ पर अय्याशी करने और अक्सर महिलाएं लाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग करने लगे। वहीं सीएमओ देवांगन की पत्नी का कहना है कि वह घर में नहीं थी। इसलिए महिला खाना लेकर आई थी। वह उस महिला को जानती हैं।








0 Comments