ad

Ticker

9/recent/ticker-posts

राजस्व मंत्री से की सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत

कोरबा। करतला ब्लॉक के ग्राम पंचायत खरवानी के आश्रित ग्राम मौहाडीह की सरकारी जमीन पर ग्रामीण मनमाना कब्जा कर रहे हैं। निस्तारी और चारागाह आदि के लिए चिन्हांकित जमीन में कब्जा किए जाने से मवेशियों के चरागन के लिए समस्या होने लगी है। इस आशय की शिकायत कांग्रेस बिग्रेड के अध्यक्ष रामेश्वर महंत ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। राजस्व मंत्री को लिखे पत्र में महंत ने इस बात का उल्लेख किया है कि मौहाडीह की सरकारी जमीन में वर्ष 2012 से अवैध कब्जा शुरू हुआ है। तब से लेकर आज तक प्रशासन को कई बार आगाह किया जा चुका है। वर्ष 2013 में तहसीलदार के आदेश से कुछ कर्मचारी कार्रवाई करने पहुंचे थे। मौके पर पहुंचे दल ने कोई कार्रवाई नहीं की। सरकारी दखल नहीं होने के कारण कब्जा करने वालों के हौसले बुलंद हैं। महंत का कहना है कि पंचायत कब्जा हटाने में सक्षम नहीं है। गांव में अलगाव की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए कब्जाधारियों को बेदखल किया जाए।

कैंसर पीड़ित पत्नी के लिए मजदूर को आर्थिक मदद की दरकार

कोरबा। कैंसर ट्यूमर से पीड़ित पत्नी के इलाज के लिए मजदूर पति को सहयोग की दरकार है। पति ने कलेक्टर से भी आर्थिक मदद की मांग की है। शहर के पंप हाउस दुर्गा पंडाल के पास रहने वाला शंकर विश्वकर्मा दिहाड़ी मजदूरी करके जीवन यापन करता है। कुछ दिन पहले उसको मालूम हुआ कि उसकी पत्नी मीना विश्वकर्मा के पेट में ट्यूमर कैंसर है। वह पत्नी का इलाज कराना चाहता है, लेकिन कोरोना और लॉकडाउन की आर्थिक तंगहाली आड़े आ रही है। आर्थिक मदद के लिए कलेक्टर को लिखे पत्र में शंकर ने इस बात का उल्लेख किया है कि पत्नी के इलाज के लिए अब तक एक लाख रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन इलाज अब तक पूर्ण नहीं हुआ है। मेडिकल जांच के अनुसार पेट से ट्यूमर निकालने के लिए 80 हजार खर्च लग सकता है। पत्नी का इलाज बाल्को मेडिकल सेंटर अटल नगर रायपुर में चल रहा है। शंकर ने कलेक्टर से गुजारिश की है कि दो छोटे-छोटे बच्चों की मां की जिंदगी खतरे में है। ऐसे चिकित्सालय से किसी भी माध्यम से इलाज के लिए आदेशित कराएं, जिससे वह परिवार के साथ सकुशल जीवन बिता सके।

Post a Comment

0 Comments