ad

Ticker

9/recent/ticker-posts

Unlock-2 in Chhattisgarh : बैंक उपभोक्ताओं को दी जाने वाली ये रियायतें अब खत्म

रायपुर Unlock-2 in Chhattisgarh । जुलाई शुरू होते ही अनलॉक-2 भी शुरू हो गया है। इस अनलॉक-2 में भी बहुत सी सुविधाओं के साथ ही उपभोक्ताओं की जेब भी कटने वाली है। जेब कटने की बात की जाए तो सबसे पहले बैंकों ने अप्रैल से लेकर 30 जून तक उपभोक्ताओं को दी जाने वाली रियायतें खत्म कर दी है। लॉकडाउन के दौरान उपभोक्ताओं को एटीएम से नकद निकालने के नियम में राहत दी गई थी। इसके साथ ही लॉकडाउन के दौरान किसी भी बैंक में सेविंग अकाउंट में औसत न्यूनतम बैलेंस (मिनिमन बैलेंस) की अनिवार्यता समाप्त हो गई थी। लेकिन अब अनलॉक-2 में उपभोक्ताओं को बैंक में मिनिमम बैलेंस रखना होगा, अगर नहीं रखा तो शुल्क काटा जाएगा।

वहीं एसएमएस और मोबाइल बैंकिंग चार्ज भी लिया जाएगा। बताया जा रहा है शहरी, ग्रामीण और अर्बन क्षेत्रों के बैंकों में मिनिमम बैलेंस अलग-अलग होता है। शासकीय बैंकों में 3000 रुपये तो निजी बैंकों में 5000 रुपये तक मिनिमम बैलेंस रखना जरूरी है। कुछ निजी बैंकों में तो शहरी क्षेत्रों में मिनिमम बैलेंस की राशि दस हजार रुपये है। इसके साथ ही 30 जून तक बैंकों ने किसी भी बैंक के एटीएम में लेनदेन करना मुफ्त कर दिया था। लेकिन अब फिर से पांच लेनदेन के बाद शुल्क कटना शुरू हो जाएगा। एसबीआइ ने तो एक जुलाई से लागू भी कर दिया है।

सेविंग अकाउंट पर कम मिलेगा ब्याज

एक जुलाई से बहुत से बैंकों ने अपने सेविंग अकाउंट पर मिलने वाले ब्याज में कटौती की है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सेविंग अकाउंट पर मिलने वाली ब्याज दर में 0.50 फीसदी की कटौती की है ये कटौती एक जुलाई से लागू हो गई है। इसके बाद बैंक के बचत खाते पर अधिकतम 3.25 फीसदी का सालाना ब्याज मिलेगा। पीएनबी के बचत खाते में 50 लाख रुपए तक के बैलेंस पर 3 फीसदी सालाना और 50 लाख से ज्यादा के बैलेंस पर 3.25 फीसदी सालाना की ब्याज दर के हिसाब से ब्याज मिलेगा।

नई कंपनी खोलना होगा आसान

अनलॉक-2 में नई कंपनी खोलना और आसान हो गया है, क्योंकि अब घर बैठे सिर्फ आधार के जरिए कंपनी का रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। सरकार ने सेल्फ डिक्लरेशन के आधार पर कंपनी के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए नए दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। अभी कंपनी का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कई तरह के दस्तावेज जमा करने पड़ते हैं। नए नियमों के मुताबिक, कंपनी शुरू करने के लिए डॉक्युमेंट्स अपलोड करने की जरूरत को खत्म कर दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments