- बीती रात प्रदेश में 483 नए केस मिले, सुबह से ही बाजारों में गहमा-गहमी बढ़ी
- निर्देश के बाद भी सख्ती से नहीं हो रहा सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन
राजधानी रायपुर के साथ ही प्रदेश के लगभग हर बड़े शहर को अनलॉक कर दिया गया है। 6 अगस्त तक लागू किए गए लॉकडाउन में अब छूट है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, रायगढ़, कोरबा जैसे प्रदेश के प्रमुख शहरों में 7 अगस्त से अब दुकानें खुल गई हैं। सभी जगहों पर 7 से 8 घंटे दुकानें खोलने के आदेश हैं। सभी तरह के व्यवसाय से जुड़ी दुकानें, हाट-बाजार खोल दिए गए हैं। जांजगीर शहर में किसी तरह की कोई बाध्यता नहीं हैं। दुकानदार जब चाहे दुकान खोल और बंद कर सकते हैं।
रायपुर में होगा रिव्यू

प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमितों वाला शहर रायपुर बन चुका है। मंगलवार को कलेक्टर डॉ एस भारती दासन ने बैठक लेकर कहा है कि हर 15 दिन में शहर के अनलॉक का रिव्यू होगा। यह रिव्यू जोन स्तर पर होगा। कोरोना के प्रकरण कम होने पर दुकान खुलने एवं बंद होने की टाइमिंग को बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है। अगर संक्रमण बढ़ा तो दुकानों की छूट वापस ली जा सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करवाया जाएगा। फिलहाल शाम 8 बजे तक शहर में दुकानें खुली रहेंगी।
दन्तेवाड़ा में बाजार खुला मगर मंदिर पर ताला

दंतेवाड़ा के कलेक्टर ने देर रात जिले में अनलॉक की गाइडलाइन जारी कर दी थी। इसमें कहा गया है कि सुबह 9 से शाम 7 बजे तक दुकानें खुलेंगी। इसके बाद अगली सुबह 9 बजे तक लॉकडाउन की तरह सब कुछ बंद रहेगा। शुक्रवार को शहर के बाजार खुले नजर आए। मगर देशभर में मशहूर यहां के दंतेश्वरी मंदिर पर ताला लगा रहा। दरअसल वार्ड क्रमांक 5 को कंटेन्मेंट जोन में रखा गया है, मंदिर भी इसी वार्ड क्षेत्र में है। कोरोना संक्रमित मिलने की वजह से यह वार्ड पूरी तरह बंद है।
दुर्ग में कमरछठ के लिए बाजार सजा

दुर्ग शहर में भी रायपुर की तरह ही व्यवस्था दी गई है। कलेक्टर ने सभी तरह के व्यवसाय शुरू करने की अनुमति दे दी है। इसके तहत अब जिले में सुबह 5 से दोपहर 12 बजे तक सब्जी, डेयरी, चिकन, मटन दुकान और सुबह 11 से शाम 7 बजे तक किराना दुकान और सभी दुकानें खुलेंगी। इंदिरा मार्केट में शुक्रवार को कमरछठ पूजा की तैयारी के सामान बेचती महिलाएं नजर आईं। त्योहार की वजह से बाजार में चहल-पहल रही।









0 Comments