- कोरिया क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बने हालात, 24 घंटे में 10.2 मिमी हुई बारिश
- बांध में अभी 1.5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी आ रहा, जरूरत पड़ने पर खोले जाएंगे अन्य गेट
छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। ऐसे में कोरिया क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते हसदेव नदी भी उफान पर है। कोरबा में नदी पर बना बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके बाद बांध का पहला गेट शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे खोल दिया गया है। बांध की क्षमता 359.66 मीटर है, जबकि जलस्तर 358.28 मीटर तक पहुंच गया है।
दरअसल, कोरिया क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 10.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके चलते नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। बांध में अभी 1.5 लाख क्यूसेक लीटर से अधिक पानी आ रहा है। जरूरत पड़ने पर बांध के अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं। इसके चलते निचली 41 बस्तियों में पहले ही अलर्ट घोषित कर दिया गया था। मुनादी कराकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है।
जलस्तर नियंत्रण के लिए हाइडिल प्लांट 72 घंटे चलाया जा रहा
बांध में जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए हाइडिल प्लांट लगातार 72 घंटे चलाया जा रहा है। इससे 120 मेगावॉट बिजली बन रही है। हाइडिल से अभी 25 हजार मिलियन घन मीटर पानी हसदेव नदी में जा रहा है। फिर भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कोरबा में अब तक 776.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अगर हाइडिल प्लांट नहीं चलता तो जुलाई में ही गेट खोलने की नौबत आ सकती थी।









0 Comments